नीतीश के जन्मदिन पर जदयू मना रहा विकास दिवस, तेजस्वी ने दी बधाई

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्हें बाधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन को उनकी पार्टी जनता दल (युनाइटेड) विकास दिवस के रूप में मना रही है। इस मौके पर पार्टी कार्यालय में 70 पौंड का केक भी काटा जाएगा।

नीतीश कुमार के जन्मदिन के मौके पर जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा पटना की सडकों पर कई बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। नीतीश के जन्मदिन पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं भी दी जा रही हैं।

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश को उनके जन्मदिन की बधाई दी है।

तेजस्वी ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को उनके 70वें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ, सुखी और दीघार्यु जीवन की कामना करता हूं।

तेजस्वी के अलावा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी नीतीश को ट्वीट कर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, आधुनिक बिहार के शिल्पकार, बिहारियों के मान-सम्मान, सबके चहेते माननीय मुख्यमंत्री। नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। आपकी मुस्कान बरकरार रहे, यही कामना है।

वहीं, जदयू के अध्यक्ष आर सी पी सिंह ने भी नीतीश कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं ढेर सारी शुभकामनाएं।

बिहार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने भी नीतीश को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को 70वें वर्षगांठ की अप्रतिम बधाई व शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके दीघार्यु होने की कामना करता हूं।

आपके सफलतम नेतृत्व में प्रदेश विकास के नित नए आयाम स्थापित करे। बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करना ही हम सब का एकमात्र संकल्प है।

इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि, बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई व अशेष मंगलकामनाएं।

भगवान से प्रार्थना है कि आप दीघार्यु हों और सदैव स्वस्थ रहिए। पूर्ण विश्वास है कि आपके दूरदर्शी व कुशल नेतृत्व में प्रदेश प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेगा।

भाजपा के प्रवक्ता और गोह क्षेत्र के पूर्व विधायक मनोज शर्मा ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके दीघार्यु और स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आपके कुशल नेतृत्व में बिहार एक विकसित राज्य बनेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को कोरोना वैक्सीन भी लेंगे।

Share This Article