
Bihar Eco Tourism : सम्राट चौधरी ने पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में इको टूरिज्म को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें कई विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी कार्य योजनाएं प्रस्तुत कीं।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में इको टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं और इसे विकसित करने के लिए समग्र रणनीति बनाई जानी चाहिए। उन्होंने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पर्यटन, जल संसाधन और नगर विकास विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को इको टूरिज्म से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि बिहार को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जा सके। उन्होंने PPP मॉडल के तहत जलाशयों और डैम के आसपास आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित करने की बात कही।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य के तालाबों और वेटलैंड क्षेत्रों के आसपास पौधारोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाने और जल संरक्षण को मजबूत करने के निर्देश दिए। पहाड़ी इलाकों में हेलिपैड निर्माण और पर्यटन पैकेज तैयार करने की भी योजना पर बल दिया गया।
मुख्यमंत्री ने जैन सर्किट के विकास के लिए विशेष योजना बनाने और समाज के सहयोग से इसे आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को खुद भी इन स्थलों का दौरा करना चाहिए, ताकि आम लोगों में जागरूकता बढ़े।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और इको टूरिज्म को राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।

