
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के बुध विहार इलाके में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ मांगे राम पार्क के पास स्थित झुग्गियों में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका महज दो साल का मासूम बच्चा शामिल है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना रात करीब 1:25 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग ने तत्परता दिखाई और हादसे की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सात दमकल गाडि़यों को मौके पर रवाना किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। आसमान में धुंआ और आग की ऊंची लपटें काफी दूर से ही देखी जा सकती थीं।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया, तो मौके से तीन बुरी तरह झुलसे हुए शव बरामद किए गए। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है, जिसके लिए पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का सटीक पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी गई है। क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। शुरुआती तौर पर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई और तकनीकी कारण था।

