बड़ी खबर: चाईबासा में सुरक्षाबलों और मिसिर बेसरा के दस्ते में मुठभेड़, 4 नक्सलियों के मारे जाने की खबर, सर्च ऑपरेशन जारी

सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़, चार नक्सलियों के मारे जाने की खबर, एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा के दस्ते पर बड़ा एक्शन।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल बुधवार सुबह गोलियों की आवाज से गूंज उठे। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई इस भीषण मुठभेड़ में चार नक्सलियों के मारे जाने की शुरुआती खबर सामने आ रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन हालात देखकर नक्सलियों को भारी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारंग पोंगा और बालिबा गांव के बीच स्थित घने जंगलों में सुबह करीब 10 बजे अचानक गोलियां चलनी शुरू हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि फायरिंग की आवाज इतनी तेज और लगातार थी कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने पहले नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन जवाब में फायरिंग शुरू हो गई, जिसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाल लिया।

एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते से भिड़ंत

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि एक करोड़ का इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा अपने दस्ते के साथ इसी इलाके में मौजूद है। इस दस्ते में उसके साथ मोछू, सागेन अंगारिया और अश्विन जैसे कुख्यात नक्सलियों के होने की भी खबर थी। इसी इनपुट के आधार पर झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा के जवानों ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों के एक जवान के घायल होने की भी चर्चा है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।