
Jharkhand Cabinet Decisions: हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झारखंड कैबिनेट बैठक में आज कुल 53 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इस बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए, जिनका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।
कैबिनेट ने झारखंड राज्य वित्त आयोग के प्रथम और द्वितीय प्रतिवेदन को मंजूरी दी है। साथ ही पंचम वित्त आयोग के कार्यकाल को भी बढ़ाया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में राज्य के विद्यालयों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्रों के लिए राज्यस्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं उच्च शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय गणित और विज्ञान दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़ा फैसला लेते हुए रांची के नामकुम से डोरंडा तक सड़क को फोरलेन बनाने के लिए 162 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा पाकुड़ के प्यादापथ के लिए 45 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी भी दी गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में धनबाद, खूंटी, जामताड़ा और गिरिडीह के अस्पतालों को पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज के रूप में अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। वहीं राज्य चिकित्सा परिषद में इंटर्नशिप स्टाइपेंड को भी मंजूरी दी गई है।
कर्मचारियों और पेंशनधारियों के लिए भी राहत भरी खबर है। राज्य कर्मियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि के साथ पेंशनधारियों के महंगाई दर में भी बढ़ोतरी की गई है।
इसके अलावा झारखंड मोटर वाहन करारोपण संशोधन विधेयक, अनधिकृत निर्माण को नियमित करने की पहल, झारखंड चिकित्सा शिक्षा नियमावली और दिव्यांगजन नियमावली में संशोधन सहित कई अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट के इन फैसलों से राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

