कोडरमा में हाथियों का आतंक जारी, ग्रामीणों में दहशत

कोडरमा के सतगांवा में हाथियों के झुंड का आतंक, गांव में घुसकर युवक पर हमला, घायल हालत में अस्पताल में भर्ती, वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों में डर का माहौल

Neeral Prakash
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले से एक बार फिर जंगली हाथियों के आतंक की खबर सामने आई है। सतगांवा थाना क्षेत्र के कटैया गांव में बीती रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, पिछले एक महीने से 15–20 हाथियों का झुंड सतगांवा प्रखंड के विभिन्न इलाकों में लगातार घूम रहा है। ये हाथी कई बार गांवों के नजदीक पहुंचकर फसलों और घरों को नुकसान भी पहुंचा चुके हैं।

ताजा घटना बीती रात करीब 12 बजे की है, जब हाथियों का झुंड अचानक कटैया गांव में घुस आया। हाथियों को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। करीब 25–30 ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर हाथियों को भगाने के लिए आगे बढ़े।

इसी दौरान, जब हाथियों का झुंड रोहित कुमार (35 वर्ष) के गोशाला की ओर बढ़ा, तो वह अपने मवेशियों और घर को बचाने के लिए अकेले ही हाथियों को खदेड़ने निकल पड़ा। लेकिन स्थिति उस वक्त बेकाबू हो गई जब हाथियों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में रोहित की मौके पर ही मौत हो गयी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों से दूरी बनाकर रखें और किसी भी स्थिति में उन्हें उकसाने की कोशिश न करें। रोहित अपने परिवार का इकलौता बेटा है और उसके ऊपर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी । उसकी एक अविवाहित बहन भी है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। वहीं ग्रामिणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।

विशेषज्ञों के अनुसार, जंगलों के सिमटने और भोजन की कमी के कारण हाथियों का रुख अब आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

फिलहाल, वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने के प्रयास में जुटी है, वहीं गांव में एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

 

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।