

पलामू: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 121 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।





पुलिस के मुताबिक, गांजे की यह खेप ओडिशा के संबलपुर से पलामू लाई गई थी और इसे हरिहरगंज में डिलीवरी किया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनोज कुमार यादव और शंभू कुमार यादव के रूप में हुई है। दोनों सतबरवा थाना क्षेत्र के जावर गांव के रहने वाले हैं।
CSP संचालक को पुलिस ने बताया नेटवर्क का मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शंभू कुमार यादव इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह लेस्लीगंज क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया का CSP भी चलाता है। वहीं, सनोज कुमार यादव वाहन चालक के रूप में काम करता था।
गुप्त सूचना पर ऑपरेशन ‘प्रहार’
पलामू एसपी कपिल चौधरी को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप ने किया। टीम में सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और एएसआई सुजीत रजक भी शामिल थे।
कार की तलाशी में छिपाकर रखा था गांजा
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सतबरवा थाना क्षेत्र में एक सफेद रंग की कार को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट के नीचे अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा गया 121 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गांजे की खेप संबलपुर से लाई गई थी और इसे पलामू के हरिहरगंज में पहुंचाया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
