
Honeytrap Case India : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक गंभीर हनीट्रैप मामला सामने आया है, जहां एक महिला को पुलिस ने गिरोह की सरगना के रूप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला भोले-भाले युवकों को अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलती थी।
ताजा मामले में महिला ने एक नाबालिग छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ नैनीताल ले गई। वहां एक होटल में उसके आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बनाई गईं। इसके बाद आरोपी ने इन सामग्रियों के आधार पर छात्र और उसके परिवार को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़ित के परिवार के अनुसार, पहले 5 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया गया। रकम न देने पर झूठे गंभीर आरोपों में फंसाने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ रंगदारी, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रही है और कई लोगों को निशाना बना चुकी है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

