
जमशेदपुर : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक बोर्ड) ने 10वीं परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार हजारीबाग की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया है। इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग की प्रियांशु कुमारी ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में टॉप किया है। उन्हें कुल 498 अंक मिले हैं। दूसरे स्थान पर सिमडेगा के एसएस हाई स्कूल बानो की छात्रा शिवांगी कुमारी रहीं। उन्होंने भी 99.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं और उनके भी कुल 498 अंक हैं। इस बार खास बात यह रही कि 99.60 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले कुल चार छात्र-छात्राएं हैं। तीसरे स्थान पर रांची के प्रेमचंद हाई स्कूल, मेसरा के छात्र प्रेम कुमार साहू और चौथे स्थान पर सेंट एलॉयसियुस हाई स्कूल, रांची के सन्नी कुमार वर्मा हैं। दोनों ने भी 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
इसके बाद 496 अंक यानी 99.20 प्रतिशत के साथ चार विद्यार्थियों ने मेरिट लिस्ट में जगह बनाई। सेंट पैट्रिक्स हाई स्कूल, गुमला के दिव्यांशु उरांव पांचवें स्थान पर रहे, जबकि इसी स्कूल के अखिलेश साहू को छठा स्थान मिला। हजारीबाग के इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल की छात्राओं का प्रदर्शन यहीं नहीं रुका। वैष्णवी श्री ने सातवां और जूलीटा मिंज ने आठवां स्थान हासिल किया, जिससे स्कूल की उपलब्धि और भी खास हो गई।
494 अंक यानी 98.80 प्रतिशत के साथ भी चार छात्रों ने टॉप 12 में जगह बनाई। नवातार के सेंट जॉन’स हाई स्कूल के महताब अंसारी नौवें स्थान पर रहे। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, ओरमांझी के प्रीत राज दसवें स्थान पर हैं। वहीं, इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग की अमीषा कुमारी 11वें और दीप्ति रानी 12वें स्थान पर रहीं। इस बार जारी टॉप 12 की मेरिट लिस्ट में इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग का दबदबा साफ दिखा। टॉपर प्रियांशु कुमारी के साथ इसी स्कूल की चार और छात्राएं इस सूची में शामिल हैं, जो स्कूल की शानदार तैयारी और मेहनत की कहानी बयां करती है।

