
लोहरदगा: जिले के कैरो डुमरटोली गांव के तीन मासूम भाई-बहनों की जिंदगी अब सरकारी सहायता के सहारे एक नई दिशा की ओर बढ़ सकती है। मां-बाप के निधन के बाद इन बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया था, जिससे वे कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे थे।
इस मामले को सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल द्वारा सोशल मीडिया पर उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने लोहरदगा उपायुक्त को निर्देश दिया है कि मामले की गहन जांच कर बच्चों धीरज और उसके भाई-बहनों को सभी आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिसमें शिक्षा, संरक्षण और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शामिल हो।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा है कि बच्चों को हरसंभव सुविधा प्रदान की जाए ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल ने कहा कि यह बच्चे बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे थे, लेकिन मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद अब उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने सरकार से अपील की थी कि बच्चों को तुरंत सहायता प्रदान की जाए।

प्रशासनिक निर्देश के बाद अब इन अनाथ बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे उनके शिक्षा और जीवन-यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।

