
Word Power Championship: मुंबई में आयोजित नेशनल वर्ड पावर चैंपियनशिप 2025-26 में झारखंड के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुशी जताते हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि कक्षा 2 से 5 तक के नन्हें विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी दिया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से यह संभव हो पाया।
अंग्रेजी दक्षता में दिखाया दम
झारखंड के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (FLN) चैंपियनशिप जीतने के बाद 22 अप्रैल 2026 को आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी अंग्रेजी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।
यह प्रतियोगिता झारखण्ड शिक्षा परियोजना परिषद और LeapForWord के सहयोग से आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों में बुनियादी शिक्षा को मजबूत करना है।
सरकारी स्कूलों की बदलती तस्वीर
इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि राज्य के सरकारी स्कूलों के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। सही संसाधन और मार्गदर्शन मिलने पर ये बच्चे किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने और बच्चों को वैश्विक अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये बच्चे भविष्य में और भी ऊंचाइयों को छुएंगे और दूसरों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

