
Delhi Firing Case: राजधानी के जाफरपुर कलां इलाके में देर रात हुई फायरिंग की घटना में बिहार के 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल की रात करीब 2:15 बजे RTR अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से दो युवकों को भर्ती कराया गया है। इनमें पांडव कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका दोस्त कृष्ण का इलाज जारी है।
मृतक पांडव मूल रूप से बिहार का निवासी था और दिल्ली में फूड डिलीवरी का काम करता था।
CCTV में कैद हुआ वारदात का दृश्य
जानकारी के मुताबिक, इलाके में एक बर्थडे पार्टी के बाद कुछ युवक सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान स्थानीय युवक नीरज वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को हथियार लहराते हुए देखा गया है। आरोप है कि विवाद के दौरान नीरज ने अचानक पांडव पर गोली चला दी। गोली उसकी छाती में लगी और आर-पार हो गई, जबकि दूसरी गोली पास खड़े कृष्ण को लगी।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पांडव की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया है और मौके से 9mm का खाली कारतूस भी बरामद किया गया है।
इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं बिहार पुलिस भी इस मामले में समन्वय कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

