
रांची : रांची नगर निगम में बुधवार को जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रौशनी खलखो ने की, जिसमें उप महापौर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव और अपर नगर आयुक्त संजय कुमार उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और जनभागीदारी आधारित होगी। नागरिक अब अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
1 से 15 मई तक कर सकेंगे स्व-गणना
स्व-गणना के तहत नागरिक 1 मई से 15 मई 2026 तक https://se.census.gov.in/ वेबसाइट के माध्यम से अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद यह सुविधा बंद कर दी जाएगी। इस चरण के बाद मकान सूचीकरण की प्रक्रिया 16 मई से 14 जून तक चलेगी।
इस दौरान पहले मकानों का विवरण एकत्र किया जाएगा, जिसके बाद जनसंख्या गणना शुरू होगी।
34 प्रश्न, 16 भाषाओं में सुविधा
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि यह डिजिटल जनगणना रांची नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मकान गणना के दौरान कुल 34 प्रश्न पूछे जाएंगे और नागरिकों को 16 भाषाओं में फॉर्म भरने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में ओटीपी या संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगी जाएगी और सभी डेटा पूरी तरह सुरक्षित व गोपनीय रहेगा।
अफवाहों से बचने की अपील
महापौर रौशनी खलखो ने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय में स्व-गणना अवश्य करें और इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रशासनिक सीमाएं स्थिर रहेंगी और इस दौरान कोई नया वार्ड या नगर निकाय नहीं बनाया जाएगा।
टोल फ्री नंबर जारी
जनगणना से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया गया है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, रांची विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, जनगणना संचालन निदेशालय के संयुक्त निदेशक सत्येंद्र कुमार गुप्ता, नगर निगम अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

