
Seraikela News : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा में छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 6 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन कर त्वरित छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन 82.80 ग्राम बताया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में महाराज अली, असगर अली और शबनम प्रवीन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी किराए पर रहकर इस अवैध कारोबार को चला रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि महाराज अली के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक पुराने मामले में वांछित भी था।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

