शुभेंदु अधिकारी के ‘राजतिलक’ में किसके आगे झुके PM मोदी, मंच पर पैर छूकर किया प्रणाम, जानिए कौन हैं माखनलाल सरकार

कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह के दौरान पीएम मोदी ने 98 वर्षीय भाजपा वरिष्ठ नेता माखनलाल सरकार के पैर छूकर सम्मान दिया, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे शपथ ग्रहण समारोह का माहौल बदल दिया। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में जहां शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे थे, वहीं मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक भावुक अंदाज लोगों के दिलों को छू गया। समारोह के दौरान पीएम मोदी अचानक मंच पर बैठे भाजपा के वरिष्ठ नेता माखनलाल सरकार के पास पहुंचे। उन्होंने पहले उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, फिर झुककर उनके पैर छुए और गले लगाकर काफी देर तक बातचीत की। यह दृश्य देखते ही पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा और सोशल मीडिया पर भी यही तस्वीर सबसे ज्यादा वायरल हो गई।

कौन हैं माखनलाल सरकार?

98 वर्षीय माखनलाल सरकार को बंगाल भाजपा और जनसंघ की राजनीति के सबसे पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं में गिना जाता है। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन को मजबूत करने में लगा दिया। भाजपा के कई पुराने नेता उन्हें बंगाल में पार्टी की नींव रखने वाले चेहरों में शामिल मानते हैं।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के करीबी सहयोगी रहे

माखनलाल सरकार का नाम राष्ट्रवादी राजनीति के शुरुआती दौर से जुड़ा रहा है। साल 1952 में जब जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे, तब माखनलाल सरकार भी उनके साथ मौजूद थे। आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। बताया जाता है कि उस समय उन्होंने राष्ट्रवादी गीत गाए थे, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी। अदालत में भी उन्होंने माफी मांगने से इनकार कर दिया था। राजनीतिक हलकों में उन्हें संघर्ष और समर्पण की मिसाल माना जाता है।

बीजेपी की जड़ों को मजबूत करने में निभाई बड़ी भूमिका

1980 में भाजपा के गठन के बाद माखनलाल सरकार ने बंगाल में संगठन को मजबूत करने का काम संभाला। पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जैसे इलाकों में उन्होंने लगातार कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम किया। उस दौर में जब बंगाल में भाजपा का जनाधार बेहद कमजोर था, तब वे गांव-गांव जाकर संगठन खड़ा कर रहे थे। बताया जाता है कि उन्होंने एक साल में करीब 10 हजार लोगों को पार्टी से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। कई वर्षों तक जिला अध्यक्ष रहने के दौरान उन्होंने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया।

शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

इसी समारोह में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराने के बाद वे भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए थे। भाजपा को विधानसभा चुनाव में 207 सीटों का बहुमत मिला। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि 8 मई को अमित शाह ने कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता घोषित किया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

 

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।