
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में मिली नाबालिग किशोरी की लाश मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि किशोरी के नाबालिग प्रेमी ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी 16 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे रिमांड होम भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार किशोरी शुक्रवार से लापता थी और अपने प्रेमी के साथ घूम रही थी। शनिवार रात दोनों सोपोडेरा स्थित स्कूल परिसर पहुंचे थे। सुनसान जगह पर बातचीत के दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने किशोरी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
जांच में पता चला कि मृतका बिरसानगर जोन नंबर-2 की रहने वाली थी। कोरोना काल से वह परिवार से अलग रह रही थी और आसपास के घरों में काम कर अपना जीवनयापन करती थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कुमफूटा निवासी नाबालिग युवक से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। किशोरी लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी अपनी कम उम्र का हवाला देकर इससे बच रहा था।
रविवार सुबह स्कूल परिसर में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खोजी कुत्ते, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गोविंदपुर क्षेत्र से पकड़ लिया। पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि किशोरी के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था।

