आप ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के विरूद्ध ईडी की कार्रवाई को लेकर किया प्रदर्शन

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी ने राज्यभर में प्रदर्शन किया। भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए पुतला फूंका गया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

AAP Protest: आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में रविवार को राज्यभर में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया और केंद्र पर उसके नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का पुतला फूंका और उसके खिलाफ नारे लगाए। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिन पर लिखा था ‘ईडी-भाजपा गठजोड़ मुर्दाबाद।’

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 100 करोड़ रुपये की कथित जीएसटी धोखाधड़ी से संबंधित धनशोधन मामले में छापेमारी के बाद शनिवार को पंजाब के उद्योग मंत्री अरोड़ा को गिरफ्तार किया। इस धोखाधड़ी में अरोड़ा से जुड़ी कुछ संस्थाएं शामिल हैं।

अरोड़ा (62) को यहां सेक्टर-2 में उनके सरकारी आवास पर तड़के छापेमारी के बाद धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया।

जहां एक ओर आम आदमी पार्टी ने अरोड़ा के आवास पर ईडी की छापेमारी और उसके बाद उनकी गिरफ्तारी को राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई करार दिया, वहीं दूसरी ओर हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड ने कहा है कि कंपनी को कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और वह सभी वैधानिक अधिकारियों के साथ पूरी तरह से सहयोग कर रही है एवं आगे भी करती रहेगी। अरोड़ा कंपनी के निदेशक रहे हैं।

जालंधर में भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में भाग लेते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अरोड़ा के विरूद्ध ईडी की कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के ‘मनमानेपन’ की आलोचना भी की।

भगत ने आरोप लगाया कि केंद्र पंजाब के विकास को रोकने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी अरोड़ा के साथ खड़ी है।

होशियारपुर में, आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा आप नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों- ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे ‘जन कल्याणकारी’ कार्यों से भाजपा ‘घबराई हुई’ है, इसीलिए भाजपा राज्य में आम आदमी पार्टी को निशाना बना रही है।
लुधियाना, मोहाली, बरनाला और अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन हुए।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।