
रामगढ़ : रामगढ़ के पारसोतिया क्षेत्र में बीती रात गोली चलने की घटना हुई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम अंकित यादव बताया जा रहा है। अंकित रामगढ़ के बंगाली टोला निवासी गर्जन का पुत्र है। उसके सीने में गोली लगी है और गोली शरीर के अंदर फंसी होने की बात कही जा रही है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद युवक के परिजन उसे रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल रांची रेफर कर दिया। घटना को लेकर आसपास के लोगों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मामला व्यक्तिगत संबंधों या कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। वहीं, यह भी चर्चा हो रही है कि युवक ने स्वयं को गोली मारी, जबकि कुछ लोग इसे आपराधिक घटना भी बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की पूरी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि गोली कैसे और किसने चलाई।

