पीएलएफआई का हार्डकोर उग्रवादी राजेश महतो गिरफ्तार, हथियार और पर्चे बरामद

खूंटी पुलिस ने पीएलएफआई के हार्डकोर उग्रवादी राजेश महतो उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार कर हथियार, कारतूस, मोबाइल और उग्रवादी पर्चे बरामद किए, कई गंभीर मामलों में था वांछित।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी : गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के हार्डकोर नक्सली उग्रवादी राजेश महतो उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, उग्रवादी पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में कर्रा थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

एसपी ने बताया कि 12 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि कर्रा थाना कांड संख्या-33/26 का प्राथमिकी अभियुक्त एवं पीएलएफआई का सक्रिय सदस्य राजेश महतो किसी काम से खूंटी आने वाला है। सूचना के सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने खूंटी-तिरला मार्ग स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड के समीप एक संदिग्ध युवक को घूमते देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन कुमार उर्फ राजेश महतो उर्फ राजेश यादव, पिता स्वर्गीय उमेश महतो, निवासी गायत्री नगर, बेड़ो, जिला रांची बताया।

गिरफ्तार नक्सली की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम काटमकुकू स्थित एक नवनिर्मित मकान में मिट्टी के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामान बरामद किए। बरामद सामानों में एक देसी पिस्टल, 7.65 बोर के दो जिंदा कारतूस, पीएलएफआई के दो पर्चे, तीन मोबाइल फोन तथा एक छोटा बैग शामिल है।

इस मामले में कर्रा थाना कांड संख्या-35/26, दिनांक 13 मई 2026 के तहत धारा 308(3)/3(5) बीएनएस 2023, 25(1-B)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट एवं 17 सीएलए एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, राजेश महतो के खिलाफ रांची और खूंटी जिले के बेड़ो, कर्रा, तोरपा एवं खूंटी थानों में छह गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें एनआईए से जुड़ा मामला, आर्म्स एक्ट तथा उग्रवादी गतिविधियों से संबंधित कई कांड शामिल हैं।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।