
सिंह मोड़ स्थित पेट्रोल पंप में डीजल खत्म हो गया है
रांची : राजधानी में शुक्रवार को विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल भराने के लिए ग्राहकों की लंबी कतार रही। सुबह करीब छह बजे से लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। इसके बाद कोकर स्थित एचपी का पेट्रोल पंप हो या बरियातू का श्याम सर्विस स्टेशन का पेट्रोल कमोबेश सभी पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई लोग गैलन और बोतलों में भी पेट्रोल भरवाते नजर आए। अचानक पेट्रोल डीजल की मांग बढ़ जाने के कारण पेट्रोल पंपों में ईंधन खत्म होने की नौबत आ गयी।

वहीं, कई पेट्रोल पंप ड्राई हो गए। इधर, स्थिति को देखकर रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि लोग घबराए नहीं और जरूरत के अनुसार पेट्रोल डीजल भरवाएं। इधर, झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता प्रमोद कुमार ने कहा है कि तेल की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है लेकिन अचानक मांग बढ़ जाने से कई पंपों पर ड्राई की स्थिति उत्पन्न हो गयी है।

