
Cow Smuggling : सरायकेला खारसावान के कपाली ओपी क्षेत्र में मवेशी तस्करी और अवैध मांस कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। चांडिल एसडीएम विकास कुमार राय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान एक अवैध बूचड़खाने को सील कर दिया गया और दो गायों को मुक्त कराया गया।
प्रशासन को लगातार अवैध बूचड़खानों और मवेशियों की तस्करी से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। हाल ही में मवेशियों से भरा एक वाहन पकड़े जाने के बाद जिले के उपायुक्त के निर्देश पर यह संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान रहमत नगर निवासी ताई कुरैशी के परिसर में संचालित अवैध बूचड़खाने से दो गायें बरामद की गईं, जिन्हें सुरक्षित गौशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, कपाली नगर परिषद ने संबंधित परिसर को सील कर दिया।
जांच के दौरान एक लाइसेंसी बूचड़खाना भी मिला, जिसके दस्तावेजों की जांच की गई और संचालक को नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैध अनुमति के बूचड़खाना संचालित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है।

