खगड़िया में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-ऑटो की टक्कर में दो माह का नवजात समेत 7 की मौत, कई लोग घायल

खगड़िया के एनएच-31 पर ट्रक और ऑटो की भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर घायल हैं। हादसे के बाद इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खगड़िया : बिहार के खगड़िया जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मानसी थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर ठठा के पास ट्रक और ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो माह का एक नवजात, एक महिला, एक बच्चा और अन्य पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो सवार लोग किसी जरूरी काम से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का काम शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इलाके में पसरा मातम

हादसे की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।