
Bihar News : बिहार के सरकारी स्कूलों के टाइम टेबल में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। शिक्षा विभाग शनिवार को फिर से हाफ डे यानी आधे दिन की पढ़ाई व्यवस्था लागू करने पर विचार कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर विभागीय स्तर पर सहमति बन चुकी है और नई समय-सारणी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि 31 मई तक इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया जा सकता है।
यदि यह फैसला लागू होता है, तो राज्य के लाखों शिक्षक और करोड़ों छात्र-छात्राओं को लंबे साप्ताहिक शेड्यूल से राहत मिलेगी। अब तक शनिवार को पूरे दिन कक्षाएं चलाने की व्यवस्था थी, जिसे लेकर शिक्षकों और अभिभावकों की ओर से लगातार बदलाव की मांग की जा रही थी।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस बदलाव से पढ़ाई का संतुलन बेहतर होगा और छात्रों को रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी अधिक समय मिलेगा। साथ ही शिक्षकों को भी मूल्यांकन और आगामी सप्ताह की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
फिलहाल विभाग की ओर से अंतिम अधिसूचना का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही नई व्यवस्था को लागू किया जाएगा।

