
CBSE News : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने रविवार को घोषणा की है कि कक्षा 12वीं के परिणाम के बाद री-इवैल्युएशन प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कतों के कारण जिन छात्रों से अधिक शुल्क कट गया था, उन्हें बोर्ड पूरी राशि वापस (रिफंड) करेगा।
यह कदम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा छात्रों को आ रही दिक्कतों पर सीबीएसई से विस्तृत रिपोर्ट मांगने के एक दिन बाद उठाया गया है। शिक्षा मंत्री ने सर्वर डाउन होने और पेमेंट गेटवे की खामियों को बेहद गंभीरता से लिया था।
सीबीएसई द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, 21 और 22 मई को आई तकनीकी गड़बड़ियों के कारण उस समय फीस की कटौती गलत तरीके से हो गई थी, जब छात्र अपनी जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन कर रहे थे।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कुछ मामलों में तय फीस से ज्यादा पैसे कट गए, तो कुछ में कम रकम कटी। जिन छात्रों के खातों से अधिक राशि कटी है, उसे बिना किसी अतिरिक्त प्रक्रिया के उसी भुगतान माध्यम में वापस भेज दिया जाएगा, जिससे फीस भरी गई थी।
बोर्ड ने साफ किया है कि जिन मामलों में तकनीकी त्रुटि के कारण कम शुल्क कटा है, उन छात्रों को बची हुई राशि का भुगतान करने के लिए अलग से सूचित किया जाएगा। हालांकि, फीस की इस गड़बड़ी के कारण किसी भी छात्र का आवेदन निरस्त नहीं होगा। प्रभावित छात्रों को उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी तय समय पर उपलब्ध करा दी जाएगी और उन्हें इसके लिए दोबारा नया आवेदन करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
सीबीएसई के अनुसार, पोर्टल पर अचानक ट्रैफिक बढ़ने के कारण यह अस्थाई दिक्कत आई थी, जिसे अब पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया है। बोर्ड ने अभिभावकों और छात्रों से परेशान न होने की अपील करते हुए कहा है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों की चिंताओं का पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से समाधान करना है।

