
हज़ारीबाग: हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। महुआ शराब बनाने के दौरान अर्द्धनिर्मित सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस फैलने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्द्धनिर्मित सेप्टिक टैंक में महुआ शराब बनाने के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि अर्द्धनिर्मित सेप्टिक टैंक में अवैध रूप से महुआ शराब रखी जाती थी। लंबे समय तक महुआ शराब रखने के कारण टैंक में जहरीली गैस बन गई थी।
मंगलवार रात सबसे पहले चमेली देवी टैंक में महुआ शराब निकालने उतरी थी। जहरीली गैस की चपेट में आने से उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही मौत हो गई।
महिला को बचाने के लिए उसका बेटा रवि साव और चाचा मदन साव टैंक में उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए और दोनों की मौत हो गई। वहीं तीनों को बचाने के प्रयास में आनंद साव भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आनंद साव का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस जांच में जुटी है।

