
Bokaro News : बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत 5 नंबर धौड़ा में पड़ोसियों के बीच हुए हिंसक विवाद में एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना में शामिल 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 की रात अनिता देवी और पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट होने लगी। इस झड़प में अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
परिजन उन्हें तुरंत ढोरी स्थित रीजनल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतका के पति महेश भुईयां के आवेदन पर बेरमो थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी बबलू कुमार, सुरेंद्र भुईयां, वीरेंद्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धीरेन भुईयां और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसडीपीओ रविंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।

