
रांची : कांके क्षेत्र स्थित नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 के निर्माण कार्य की शुरुआत गुरुवार से कर दी गई। प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्माण कार्य शुरू कराया। हालांकि काम शुरू होते ही स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांगों और चिंताओं पर पहले समाधान होना चाहिए। वहीं प्रशासन का कहना है कि परियोजना राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य किया जा रहा है।रिम्स-2 के निर्माण से भविष्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलने की उम्मीद है। लेकिन दूसरी ओर भूमि और स्थानीय मुद्दों को लेकर ग्रामीणों का विरोध भी लगातार जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या नहीं।

