
Coaching Dispute: चर्चित कोचिंग संचालक खान सर के कोचिंग संस्थान से जुड़े विवाद में नया मोड़ आ गया है। मामले से संबंधित एक नया वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान सर के दो सहयोगियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही जांच को और तेज कर दिया गया है।
यह विवाद 2 मई की रात हुई उस घटना से जुड़ा है, जिसमें खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला, तोड़फोड़ और कथित फायरिंग का आरोप लगाया गया था। मामले में पहले ही पुलिस कार्रवाई कर चुकी है और कई लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
इसी बीच रोशन आनंद और ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए आरोप लगाए गए। कोचिंग संस्थान के सदस्य आदर्श ने एक वीडियो जारी करते हुए दावा किया कि विवाद के दौरान हुई कथित फायरिंग खान सर के गार्ड की ओर से की गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरी घटना पूर्व नियोजित हो सकती है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
आदर्श ने कहा कि वायरल वीडियो में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद कहीं दिखाई नहीं देते, इसलिए उनकी गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने जांच एजेंसियों से सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच करने और घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की।
गौरतलब है कि 2 मई की रात हुई घटना के बाद खान सर की ओर से कोचिंग सेंटर पर हमले, गार्ड के साथ मारपीट, पत्थरबाजी और फायरिंग का दावा किया गया था। दूसरी ओर, रोशन आनंद ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
नए वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की दोबारा जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

