
जामताड़ा : जामताड़ा जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की एक दुखद तस्वीर सामने आई है। जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत के शहरबेड़ा गांव निवासी मोनू टुडू की शुक्रवार 12 जून की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार उनकी हालत गंभीर होने पर सरकारी 108 एंबुलेंस सेवा से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन काफी देर तक कोई एंबुलेंस गांव नहीं पहुंची।
जब समय पर कोई सरकारी सहायता नहीं मिली तो परिवार और ग्रामीणों ने मिलकर मोनू टुडू को अस्पताल पहुंचाने का फैसला किया। गांव में उपलब्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली पर खटिया रखकर उन्हें लिटाया गया और किसी तरह जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन उपचार के दौरान ही मोनू टुडू की मौत हो गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि परिजनों द्वारा 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया गया था या नहीं।

