जिंदगी के सबसे खूबसूरत पल वही होते हैं, जब सब कुछ थोड़ा-सा स्लो हो जाता है

रामगढ़ की पहाड़ियों में एक कॉटेज से दिखता शांत नज़ारा, चीड़-देवदार से ढकी ढलानें और बादलों के बीच सुकून भरा अनुभव, जहां जिंदगी कुछ देर के लिए धीमी हो जाती है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अजीत अंजुम

रामगढ़ के इस कॉटेज की बड़ी-सी खिड़की के सामने बैठा हूं। सामने पहाड़ है .हरा, शांत और अपनी ही लय में डूबा हुआ। सीढ़ीनुमा ढलानों पर बिखरे चीड़ और देवदार के पेड़, पहाड़ी खेतों की रेखाएं, शिखर पर पसरा घना जंगल और धूप में नहाई हरी ढलानें। नीले आसमान में तैरते बादल ऐसे लग रहे हैं मानो पहाड़ के सिरहाने बैठकर सुस्ता रहे हों। इस खिड़की से बाहर देखना किसी दृश्य को देखना भर नहीं है, बल्कि अपने भीतर झांकना भी है। कभी किसी पुराने किस्से की याद आ जाती है, कभी कोई नया विचार जन्म लेता है। कभी सोच की गहराई में उतर जाता हूं, तो कभी अचानक याद आता है कि कुछ काम भी करने हैं।

यहां टीम के साथ आया था। सोचा था घूमूंगा भी, काम भी करूंगा, लेकिन पहाड़ ने इस बार कुछ और ही तय कर रखा था। सुबह हुए घंटों गुजर चुके हैं। पहाड़ी ढलान वाले रास्तों पर लंबा वॉक करके तीन घंटे पहले वापस आ चुका हूं और लैपटॉप खोलने की इच्छा तक नहीं हुई। लगता है जैसे इन वादियों ने मन को अपनी गिरफ्त में ले लिया हो। बीच-बीच में एक्स देखता हूं। TMC में टूट और बवाल की खबरें देखकर वीडियो करने का मन बनाता हूं, फिर न करने के बहाने खोज लेता हूं।
शहर में जो बेचैनियां हर वक्त कंधे पर सवार रहती हैं, वे यहां आकर कहीं दूर छूट गई हैं। सामने पहाड़ वैसे ही खड़ा है, बादल वैसे ही विचरण कर रहे हैं और मैं बिना किसी जल्दबाज़ी के उन्हें देख रहा हूं। नीलेश मिश्रा के शब्दों में कहूं तो “सब स्लो हो गया है। ” और शायद जिंदगी के सबसे खूबसूरत पल वही होते हैं, जब सब कुछ थोड़ा-सा स्लो हो जाता है।

लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।