सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, गुमला में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

गुमला में सड़क हादसे रोकने के लिए प्रशासन सख्त हुआ। डीसी ने हाईवे के अवैध कट बंद करने, हाई मास्ट लाइट, एम्बुलेंस और स्कूल बसों की जांच के निर्देश दिए।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla Traffic Safety : गुमला में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं बरतने और तय समय में काम पूरा करने को कहा है। बैठक में उर्मी चौक पर गोलंबर और रंबल स्ट्रिप बनाने का निर्देश दिया गया।

वहीं, हादसों के लिए संवेदनशील माने जाने वाले जोड़ाजाम क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट लगाने का फैसला लिया गया है, ताकि रात में होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

उपायुक्त ने एनएचएआई को हाईवे पर बने अवैध और खतरनाक कटों को 10 दिनों के भीतर बंद करने का निर्देश दिया है। साथ ही गुमला-घाघरा सड़क की मरम्मत का काम भी एक सप्ताह में पूरा करने को कहा गया है। बस किराया बढ़ाने के मामले पर भी डीसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को बसों और बस स्टैंडों की जांच करने तथा यात्रियों से वसूले जा रहे किराए की पड़ताल करने का निर्देश दिया है। अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की बात कही गई है।

घायलों को समय पर मदद मिले, इसके लिए टोल प्लाजा के पास एक अतिरिक्त हाईवे एम्बुलेंस तैनात करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही एम्बुलेंस का रिस्पांस टाइम 15 मिनट से कम रखने पर जोर दिया गया है। बैठक में जिले की सभी स्कूल बसों की फिटनेस जांच कराने का भी फैसला लिया गया। अनफिट पाए जाने वाले वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।