
Durand Cup 2026 : झारखंड की खेल यात्रा में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। रांची पहली बार प्रतिष्ठित डूरंड कप की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट संभावित रूप से 26 जुलाई से शुरू होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर सोमवार को मुकेश कुमार सचिव, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
जिसमें देश के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट में से एक डूरंड कप के सफल आयोजन हेतु विश्वस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना एवं विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान स्टेडियम की तैयारियों, संचालन संबंधी आवश्यकताओं, सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सचिव ने कहा कि रांची में पहली बार डूरंड कप का आयोजन झारखंड में फुटबॉल के विकास और खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का सफल आयोजन आने वाले वर्षों में रांची में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों की मेजबानी की संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा तथा झारखंड को बड़े खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होगा।
डूरंड कप 2026 का उद्घाटन समारोह खेल, देशभक्ति, भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं एवं झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम होगा। समारोह के प्रमुख आकर्षणों में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा रोमांचक शो, आर्मी बैंड की विशेष प्रस्तुति और पारंपरिक नृत्य शामिल होंगे।
इसके साथ ही झारखंड की लोक एवं जनजातीय नृत्य परंपराओं की भव्य प्रस्तुतियां राज्य की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों, फुटबॉल प्रेमियों एवं दर्शकों को एक यादगार अनुभव प्रदान करना आयोजन की प्राथमिकता होगी।
बैठक में छवि रंजन निदेशक, आसिफ एकराम, कर्नल हेम चंद्रा, डूरंड कप के नोडल आर्मी अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

