
Ranchi Municipal Corporation : रांची नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए होल्डिंग टैक्स के समय पर भुगतान को प्रोत्साहित करने हेतु एकमुश्त कर भुगतान पर अधिकतम 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट का प्रावधान होल्डिंग टैक्स नियमावली के अंतर्गत किया गया है।
इसके अलावा कुछ कैटेगरी में 5% का अतिरिक्त छूट का लाभ मिलेगा। इस विशेष छूट का लाभ प्राप्त करने के लिए अब केवल 5 दिन शेष हैं। नगर निगम ने सभी होल्डिंग धारकों से अपील की है कि वे 30 जून 2026 तक अपना होल्डिंग टैक्स जमा कर इस विशेष छूट का लाभ ले सकते है।
लाभ से संबंधित जानकारी धृतिधारकों तक पहुंचाने हेतु नगर आयुक्त महोदय के निर्देशों के अनुपालन में राजस्व शाखा की टीम द्वारा निगम क्षेत्रांतर्गत लगभग सभी धृतिधारकों के भवनों पर सूचना पत्र चस्पा कर उन्हें इस विशेष छूट योजना की जानकारी दी जा रही है।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम द्वारा छुट्टी के दिनों में भी निगम कार्यालय स्थित जन सुविधा केंद्र संचालित रखने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 26 जून 2026 (मुहर्रम), 28 जून 2026 (रविवार) एवं 30 जून 2026 (हूल दिवस) को भी जन सुविधा केंद्र खुले रहेंगे। जहां नागरिक अपने होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर सकेंगे।
नगर निगम ने करदाताओं को विभिन्न डिजिटल और ऑफलाइन माध्यमों से कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई है। नागरिक SMART RANCHI App, व्हाट्सएप चैटबॉट 8986627070, रांची नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchimunicipal.com , जन सुविधा केंद्र तथा निगम द्वारा अधिकृत एजेंसी मेसर्स श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स के कर संग्राहकों के माध्यम से होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर सकते हैं।

