फ्यूजन सीएक्स बंगाल सिलिकॉन वैली आईटी परिसर में 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

फ्यूजन सीएक्स पश्चिम बंगाल में 100 करोड़ रुपये निवेश कर बंगाल सिलिकॉन वैली में नया आईटी-आईटीईएस परिसर बनाएगी, जिससे 9,000 से अधिक रोजगार सृजित होंगे और एआई आधारित सेवाओं का विस्तार होगा।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Fusion CX, West Bengal : ग्राहक अनुभव (कस्टमर एक्सपीरियंस) और बिजनेस प्रोसेस सॉल्यूशंस (बीपीओ) सेवाएं उपलब्ध कराने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी फ्यूजन सीएक्स पश्चिम बंगाल में अगले तीन साल में 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी न्यू टाउन स्थित बंगाल सिलिकॉन वैली प्रौद्योगिकी केंद्र में आईटी एवं आईटीईएस परिसर स्थापित करेगी।

कोलकाता मुख्यालय वाली कंपनी ने बयान में कहा कि उसने एक्शन एरिया-दो में 1.06 एकड़ भूमि प्राप्त कर ली है। यहां लगभग दो लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल में 11 मंजिला अत्याधुनिक परिसर बनाया जाएगा।

फ्यूजन सीएक्स के सह-संस्थापक, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पंकज धानुका ने पीटीआई-भाषा से कहा कि इस परियोजना के पूरी क्षमता से शुरू होने पर 9,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में प्रतिभाशाली मानव संसाधन, बेहतर होते बुनियादी ढांचे और पूर्वी तथा पूर्वोत्तर भारत के प्रवेश द्वार के रूप में इसकी रणनीतिक स्थिति कंपनी के विस्तार के लिए अनुकूल है।

धानुका ने कहा कि कंपनी ने वर्ष 2004 में पश्चिम बंगाल से अपना सफर शुरू किया था। आज फ्यूजन सीएक्स 15 देशों में परिचालन कर रही है और उसके 15,000 से अधिक कर्मचारी हैं। पश्चिम बंगाल अब भी कंपनी का सबसे बड़ा ऑफशोर डिलिवरी केंद्र बना हुआ है।

वर्तमान में कंपनी के कोलकाता, हावड़ा, दुर्गापुर, कल्याणी और सिलीगुड़ी में पांच डिलिवरी केंद्र हैं, जहां 4,700 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। ये केंद्र दूरसंचार, ई-कॉमर्स, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं (बीएफएसआई), स्वास्थ्य सेवा और खुदरा क्षेत्र के ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करते हैं।

कंपनी ने बताया कि अगस्त, 2025 में सिलीगुड़ी में शुरू किए गए ई-कॉमर्स विशिष्टता केंद्र ने संचालन शुरू होने के तीन महीने के भीतर ही चार प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों को ग्राहक के रूप में जोड़ा है।

उन्होंने कहा कि कंपनी पिछले कुछ वर्षों से करीब 35 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज कर रही है। कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सेवाओं के विस्तार के कारण चालू वित्त वर्ष में भी यही रफ्तार जारी रहने की उम्मीद है।

उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से 1,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए मंजूरी मिल चुकी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।