
रांची: राजधानी रांची में क्रिकेट के छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी स्थित ब्राम्बे आवास में रांची महानगर कांग्रेस के महासचिव और होटaल व्यवसायी संतोष साह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। यह घटना रविवार शाम की बताई जा रही है, जब उनके बेटे विराट साह और कुछ युवकों के बीच क्रिकेट खेल के दौरान गेंद को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद बढ़ा, फिर पिता पर हमला
जानकारी के मुताबिक खेल के दौरान गेंद पास बैठे कुछ युवकों के पास चली गई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विराट साह के साथ गाली-गलौज भी की गई। जब संतोष साह मौके पर पहुंचे और गेंद लौटाने की बात कही, तो विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी बाईं आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि अब उस आंख की रोशनी वापस नहीं आ सकती। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी भी इस हमले में घायल हो गईं।
RIMS में इलाज, डॉक्टरों ने जताई स्थायी क्षति
गंभीर रूप से घायल संतोष साह को तुरंत रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की जांच के बाद साफ हो गया कि बाईं आंख की रोशनी पूरी तरह जा चुकी है। घटना के बाद परिवार सदमे में है और इलाके में तनाव का माहौल है।
राजनीतिक रंजिश के आरोप, पुलिस जांच जारी
संतोष साह का कहना है कि यह हमला अचानक नहीं था। उनके अनुसार, वार्ड पार्षद चुनाव के दौरान राजनीतिक समर्थन देने के बाद से उन्हें धमकियां मिल रही थीं। बरियातू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

