
रांची: राजधानी रांची में अपराध पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए बुधवार देर रात पुलिस ने जिलेभर में एक साथ एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रमुख चौक-चौराहों, प्रवेश मार्गों और एंट्री प्वाइंट्स पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच की। साथ ही वाहनों की डिक्की और संदिग्ध सामान की भी तलाशी ली गई। देर रात तक बेवजह सड़कों पर घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान और आने-जाने का कारण भी पूछा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।
एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट कहा कि देर रात सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह अड्डेबाजी करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर नशाखोरी, अवैध गतिविधियां और आपराधिक साजिशें पनपती हैं, इसलिए पुलिस ऐसे ठिकानों को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई करेगी।
एसएसपी ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि आसपास कहीं संदिग्ध गतिविधियां या अड्डेबाजी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह सिर्फ एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि अपराध नियंत्रण के लिए अब इस तरह का विशेष अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।

