
रांची: जमशेदपुर के एक पब में हुई हत्या के बाद रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। गुरुवार रात शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाकर पब और बारों में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने लाइसेंस, संचालन व्यवस्था, तय समय का पालन, हुक्का परोसने और नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराने जैसे मामलों की बारीकी से जांच की। कार्रवाई के दौरान कई बारों में नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। कुछ जगहों पर पुलिस टीम पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बार से बाहर निकलकर चले गए। इस संयुक्त अभियान में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, एसडीएम, कई डीएसपी और अलग-अलग थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बी ग्रेड बार रहे पुलिस के निशाने पर
इस अभियान में पुलिस ने खास तौर पर शहर के बी ग्रेड बारों पर फोकस किया। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे बारों में अक्सर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के जुटने की शिकायतें मिलती रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बना रहता है। जांच के दौरान कई बारों के लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ियां मिलीं। कुछ स्थानों पर नाबालिगों को शराब परोसे जाने की भी जानकारी सामने आई, जिसे पुलिस ने गंभीर उल्लंघन माना। इसके अलावा तय समय से अधिक देर तक बार चलाने और हुक्का परोसने की शिकायतों की भी जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने सभी बार संचालकों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन बारों में अनियमितताएं मिली हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जमशेदपुर के बार में हाल ही में हुए विवाद और उसके बाद हुई हत्या की घटना के मद्देनजर यह कार्रवाई और सख्ती के साथ की गई है। अधिकारियों का मानना है कि बारों में सुरक्षा व्यवस्था, नियमों का पालन और अवैध गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि यह केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है। आने वाले दिनों में भी शहरभर के पब और बारों में नियमित जांच और छापेमारी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस भी बार में हुक्का परोसने, तय समय से अधिक संचालन करने, नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराने या अन्य नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि रांची पुलिस शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बारों का संचालन पूरी तरह नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाती रहेगी।

