रांची में बढ़ी रैपिडो की मुश्किलें! कैब ड्राइवरों के बाद अब बाइक राइडर्स भी हड़ताल पर, रखीं ये बड़ी मांगें

रांची में रैपिडो बाइक राइडर्स हड़ताल पर, किराया बढ़ाने और कमीशन घटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज, मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी रांची में कैब ड्राइवरों की हड़ताल के बीच अब रैपिडो बाइक राइडर्स ने भी अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। सैकड़ों राइडर्स सड़क पर उतर आए हैं।  कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए किराया बढ़ाने तथा कमीशन कम करने की मांग उठाई। राइडर्स का कहना है कि पिछले दो वर्षों से उन्हें मिलने वाले किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल की कीमत, बाइक की सर्विसिंग और रोजमर्रा के दूसरे खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा किराया उनकी लागत के मुकाबले बेहद कम है, जिससे गुजारा करना मुश्किल हो रहा है।

फिलहाल 3 किलोमीटर तक की सवारी के लिए 15 रुपये का बेस फेयर मिलता है। इसके बाद प्रति किलोमीटर 5 रुपये दिए जाते हैं। राइडर्स की मांग है कि बेस फेयर बढ़ाकर 25 रुपये किया जाए और प्रति किलोमीटर का किराया 8 रुपये तय किया जाए। इसके अलावा कंपनी की ओर से लिए जाने वाले 30 से 35 प्रतिशत कमीशन को घटाकर 20 प्रतिशत करने की भी मांग की गई है।

प्रदर्शन कर रहे राइडर्स का कहना है कि वे दिन-रात सड़कों पर रहकर यात्रियों को सेवा देते हैं। इस दौरान कई बार अपनी सुरक्षा भी दांव पर लगानी पड़ती है। इसके बावजूद उनकी कमाई लगातार घट रही है। उनका आरोप है कि महंगाई, ईंधन की बढ़ती कीमतों और कंपनी की नई नीतियों का सीधा असर उनकी आय पर पड़ा है, लेकिन उनकी परेशानियों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। राइडर्स ने कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

 

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।