
Palamu News : झारखंड के पलामू जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदु बीघा गांव में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस हिंसा में धारदार हथियार से हुए हमले में माता-पिता की गोद में मौजूद 8 महीने के मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच में चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी चितरंजन पासवान ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले की चपेट में माता-पिता की गोद में मौजूद मासूम बच्चा भी आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल दंपति व बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने 8 माह के मासूम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दंपति का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चितरंजन पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामूली विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले विवाद हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान हुए हमले में मासूम बच्चे की जान चली गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

