दशम फॉल रोड रेज मामले में नया मोड़, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने बताई पूरी कहानी

दशम फॉल रोड रेज के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद की पूरी कहानी बताई। दोनों पक्षों में समझौता हुआ और 30 हजार रुपये मुआवजा दिया गया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Road Accident : राजधानी रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र में कथित रोड रेज का मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गया। शुरुआत में इसे महिलाओं के साथ बदसलूकी और हाईवे पर गुंडागर्दी की घटना बताया गया, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद का सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही एक कार, जिसमें तीन महिलाएं और चालक सवार थे, दशम फॉल थाना क्षेत्र के पांचों गांव के पास आगे चल रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो से टकरा गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में रांची के दो युवक सवार थे। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक बातचीत के लिए वाहन रोकना चाहते थे, लेकिन दूसरी कार आगे बढ़ गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार का पीछा कर कुछ दूरी पर उसे रोक लिया।

मौके पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार का शीशा तोड़ दिया। इसी दौरान कार में मौजूद महिलाओं ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

महिलाओं ने आरोप लगाया था कि हेल्पलाइन पर सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। हालांकि, पुलिस ने कंट्रोल रूम के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया कि पहली कॉल दोपहर 12:33 बजे प्राप्त हुई थी। इसके बाद 12:39 बजे दशम फॉल थाना को सूचना भेजी गई और कुछ ही मिनटों में बाइक गश्ती दल तथा करीब 10 मिनट के भीतर डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पुलिस का यह भी कहना है कि उस समय हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी संबंधित मार्ग पर गश्त कर रहा था।

मामले के वायरल होने के बाद नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों और वरिष्ठ नागरिकों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। आपसी सहमति से लिखित समझौता किया गया, जिसके तहत स्कॉर्पियो सवार पक्ष ने क्षतिग्रस्त कार की मरम्मत के लिए 30 हजार रुपये मुआवजा दिया। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में शिकायत नहीं करने पर सहमति जताई।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी को शारीरिक चोट नहीं आई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। साथ ही पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक और अधूरी जानकारी से बचने की अपील की है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।