जनसुरक्षा से जुड़े हर मुद्दे को संसद से लेकर हर उचित मंच पर मजबूती से उठाऊंगा : कालीचरण सिंह

चतरा के CRPF जवान लक्ष्मण कुमार यादव के निधन पर सांसद कालीचरण सिंह ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए सड़क सुरक्षा और जनहित के मुद्दे उठाने का भरोसा दिया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

शहीद सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण कुमार को सांसद ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

सुनील कश्यप

चतरा : चतरा सदर प्रखंड के बिराजपुर निवासी सीआरपीएफ के वीर जवान लक्ष्मण कुमार यादव के सड़क दुर्घटना में हुए असामयिक निधन से पूरा जिला शोक में डूबा हुआ है। शनिवार को चतरा लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद कालीचरण सिंह आंदोलन स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने वीर जवान की चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सांसद ने कहा कि देश की रक्षा में समर्पित एक वीर जवान का इस तरह असमय चले जाना केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे चतरा जिले के लिए अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़े हैं तथा न्याय और हरसंभव सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

इस दौरान सांसद ने आंदोलनरत ग्रामीणों से भी विस्तार से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि कोयला परिवहन से जुड़े जनसरोकार, सड़क सुरक्षा तथा स्थानीय लोगों की चिंताएं पूरी तरह जायज़ हैं। जनता की सुरक्षा और हित सर्वोपरि हैं तथा इन सभी मुद्दों को संसद सहित प्रत्येक उचित मंच पर पूरी मजबूती और प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा और जीवन की रक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। सांसद ने लोकतांत्रिक तरीके से चल रहे जनआंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि जनता की आवाज़ को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों एवं एजेंसियों से ऐसी ठोस और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की, जिससे भविष्य में इस प्रकार की हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर सकें। सांसद के आगमन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने वीर जवान लक्ष्मण कुमार यादव को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, राष्ट्रसेवा और बलिदान को नमन किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।