
Jagannathpur Rath Yatra : राजधानी के धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार रथयात्रा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्य रूप से सम्मिलित हुए।
दोनों ने महाप्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त राज्यवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान से भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने सभी श्रद्धालुओं को रथयात्रा की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
जगन्नाथपुर मंदिर मार्ग पर बनेगा भव्य तोरणद्वार

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने घोषणा की कि जगन्नाथपुर मंदिर को और भव्य पहचान दिलाई जाएगी। इसे पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मंदिर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर एक भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराया जाएगा, ताकि दूर से ही इसकी पहचान हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में इस रथयात्रा मेले को और अधिक सफल और प्रभावी बनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर कई मंत्री, सांसद, विधायक और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।


