
चतरा : जिले के एसपी आवास के समीप मंगलवार दोपहर 2:30 बजे दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना में एक निजी अंगरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में जिला बल के एक जवान पर गोली मारने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और आरोपित जिला बल के जवान को हिरासत में ले लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया एसडीपीओ, टंडवा एसडीपीओ सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चतरा बाइपास निर्माण कार्य से जुड़ी रमिया कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक रॉकी यादव किसी कार्य से एसपी से मिलने पहुंचे थे।
इसी दौरान उनके निजी अंगरक्षक और जिला बल के जवान के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित जवान ने अपनी राइफल से निजी सुरक्षा कर्मी पर गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संबंधित वाहन की भी तलाशी ली, जहां से हथियार बरामद होने की सूचना है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि गोली चलने की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का स्पष्ट पता लगाया जा सके फिलहाल वरीय पुलिस अधिकारी मामले पर आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। मृतक की पहचान को लेकर भी अंतिम आधिकारिक पुष्टि शेष है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और फारेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
शहर के अतिसुरक्षित माने जाने वाले एसपी आवास के सामने हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

