
Bokaro News : बोकारो के बाल सुधार गृह (ऑब्जर्वेशन होम) में वायरल फीवर के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। यहां रह रहे 14 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू किया। गंभीर लक्षण मिलने पर दो बच्चों को सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित बच्चों को तेज बुखार, खांसी और कमजोरी की शिकायत थी। डॉक्टरों की टीम ने सभी बच्चों की जांच कर उनके सैंपल भी लिए हैं। फिलहाल अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत पर चिकित्सक लगातार नजर बनाए हुए हैं।
दरअसल, एक दिन पहले भी बाल सुधार गृह से 16 बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। उपचार के बाद 15 बच्चों को वापस भेज दिया गया था, लेकिन अगले ही दिन फिर कई बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया।
जांच कर रहे डॉ. विकास कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सभी बच्चे वायरल फीवर से संक्रमित पाए गए हैं। उनके मुताबिक, मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण इस तरह के मामले सामने आए हैं। जिन बच्चों में कमजोरी अधिक थी, उन्हें एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक जांच कराई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बाल सुधार गृह में विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल परिसर को अस्थायी मेडिकल यूनिट की तरह संचालित किया जा रहा है। दो डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को 24 घंटे के लिए तैनात किया गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बच्चों की स्थिति पर नजर रखने के लिए रोज सुबह और शाम मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा। साथ ही, सभी बच्चों की नियमित जांच और आवश्यक उपचार जारी रहेगा।

