
लोहरदगा : लोहरदगा शहरी क्षेत्र के नदिया चौक में शनिवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित मारुति वैन की चपेट में आने से रांची के सिविल जज (सीनियर डिवीजन)-16 सह स्पेशल जज (इकोनॉमिक ऑफेंस) जेएमएफसी-एक्स मनोज कुमार इंदवार की पत्नी एवं शिक्षिका मीनाक्षी खलखो गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मीनाक्षी खलखो अपने पुत्र के साथ नदिया चौक पर खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार मारुति वैन ने पहले सड़क किनारे खड़े एक ठेले में टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर शिक्षिका को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप पटनायक सहित स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल शिक्षिका को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में मीनाक्षी खलखो की कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं तथा उनका बायां पैर फ्रैक्चर हो गया है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
बताया जाता है कि मीनाक्षी खलखो रांची के हरमू रोड स्थित किराए के मकान में रहती हैं। उनके पति मनोज कुमार इंदवार वर्तमान में रांची में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)-16 सह स्पेशल जज (इकोनॉमिक ऑफेंस) जेएमएफसी-एक्स के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे लोहरदगा सिविल कोर्ट में एसडीजेएम के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त मारुति वैन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

