
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे देश के करोड़ों छात्रों, युवाओं और उनके परिवारों के संघर्ष की जीत बताया है। रांची में बयान जारी करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी छात्र आंदोलन और जन दबाव के कारण ही केंद्र सरकार को अंततः झुकना पड़ा है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि लगातार सामने आए परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में फैली अव्यवस्था ने लाखों होनहार छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया था। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही थी। यदि सरकार समय रहते जिम्मेदारी तय करती तो युवाओं को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि केवल मंत्री का इस्तीफा ही काफी नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूरे परीक्षा तंत्र की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पेपर लीक के मास्टरमाइंड, शिक्षा माफिया तथा उन्हें राजनीतिक संरक्षण देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगे भी युवाओं और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

