बकरी चोरी के शक में भीड़ का कहर! खूंटी में युवक की मौत, दो घायल, पुलिस ने शुरू की जांच

खूंटी के मुरहू में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों की पिटाई से युवक दिलदार अंसारी की मौत, दो घायल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

डेस्क: खूंटी जिले से मॉब लिंचिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल, गुमला से कार से आए चार युवकों को खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने हॉकी स्टिक और लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में एक युवक दिलदार अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना मुरहू थाना क्षेत्र की रूमुतकेल पंचायत के बिंदादीरी गांव की है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात एक कार से चार लोग गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों को उन पर बकरी चोरी करने का शक हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया।

आरोप है कि पकड़े गए तीनों युवकों की ग्रामीणों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी सोमवार को पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान दिलदार अंसारी ने दम तोड़ दिया। वहीं, फिरोज अंसारी और निजाम का इलाज अभी जारी है।

बताया जा रहा है कि दिलदार अंसारी करीब एक साल पहले भी इसी गांव में बकरी चोरी के प्रयास के आरोप में पकड़ा गया था। उस समय ग्रामीणों ने उससे जुर्माना लेकर चेतावनी दी थी और छोड़ दिया था। इस बार दोबारा पकड़े जाने पर कुछ ग्रामीणों ने उसे पहचान लिया, जिसके बाद मामला बिगड़ गया और मारपीट की घटना हो गई। घटना की पुष्टि खूंटी एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने की है। उन्होंने बताया कि मुरहू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।