
धनबाद : अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े काले कारोबार पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने धनबाद में बड़ा शिकंजा कसा है। मंगलवार सुबह ईडी की 25 टीमों ने जिले के 25 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
यह कार्रवाई कई कथित कोयला कारोबारियों और उनके सहयोगियों के परिसरों पर की जा रही है। ईडी की टीम दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और अवैध संपत्ति से जुड़े साक्ष्यों की जांच में जुटी है।
ईडी की कार्रवाई कथित कोयला कारोबारी रंजीत सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव और उनके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर चल रही है। सभी स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में तलाशी अभियान जारी है।
मामला अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़ा है। ईडी ने इस पूरे मामले में चार अलग-अलग ईसीआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। एजेंसी को संदेह है कि अवैध कोयला कारोबार के जरिए बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित की गई है। इसी को लेकर बैंक लेनदेन, जमीन के दस्तावेज और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने धनबाद और दुमका में एलबी सिंह और उनके सहयोगियों के करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में दो करोड़ 20 लाख रुपये नकद, 150 से अधिक जमीन के दस्तावेज और कई अहम साक्ष्य बरामद हुए थे।

