
JPSC Protest : राजधानी रांची का जयपाल सिंह स्टेडियम इन दिनों आंदोलन का केंद्र बन गया है। JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थी यहां अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर शुरू हुए इस आंदोलन में छात्र तंबू, बिस्तर और रोजमर्रा का सामान लेकर पहुंचे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे धरना स्थल नहीं छोड़ेंगे।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि लगातार भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी एक परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए किया जा रहा है। आंदोलन में रांची के अलावा रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे हैं। महिला अभ्यर्थियों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कई मांगें सरकार के सामने रखी हैं। इनमें JPSC में कथित अनियमितताओं की CBI और ED से जांच, 90 दिनों के भीतर कार्रवाई, JPSC और JSSC के अधिकारियों-कर्मचारियों का तबादला और दोषियों पर सख्त कार्रवाई शामिल है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं तो सरकार को जवाबदेह होना चाहिए।
इधर, आंदोलन के समर्थन में आजसू छात्र संघ ने भी रैली निकाली और राजभवन तक मार्च किया। छात्रों का कहना है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता।

