MGM अस्पताल में बवाल! होमगार्ड जवानों पर भाजपा कार्यकर्ता और उसके जीजा से मारपीट का आरोप, अस्पताल परिसर में हंगामा

जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ता और उनके जीजा से कथित मारपीट के आरोप पर हंगामा मच गया। पुलिस ने जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : शहर के एमजीएम अस्पताल में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया। घटना के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि मनीष शर्मा अपनी गर्भवती भांजी के इलाज को लेकर अस्पताल में मौजूद थे। परिजनों का कहना है कि इलाज में लापरवाही की शिकायत करने पर 8 से 10 होमगार्ड जवानों ने उनके साथ लाठी-डंडों और धक्का-मुक्की कर मारपीट की। आरोप यह भी है कि मनीष शर्मा के जीजा को भी पीटा गया।

पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन यादव ने दावा किया कि सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, लेकिन होमगार्ड जवानों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय मौजूद कई जवानों ने नेम प्लेट नहीं पहन रखी थी और घटना का वीडियो बनाने पर उसे डिलीट करने की भी कोशिश की गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टूटी हुई लाठी जब्त कर ली है और घायलों का मेडिकल कराया गया। पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मनीष शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी गर्भवती भांजी का सामान्य प्रसव संभव होने के बावजूद सी-सेक्शन किया गया। ऑपरेशन के बाद संक्रमण होने और इलाज में लापरवाही की शिकायत को लेकर जब उन्होंने डॉक्टरों से जानकारी मांगी, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

फिलहाल, इस पूरे मामले में एमजीएम अस्पताल प्रबंधन और होमगार्ड विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।